FIFA World Cup 2022: हार के बाद मोरक्को फैंस का बवाल, फ्रांस-बेल्जियम में दंगे, एक की मौत

828
Advertisement

ब्रूसेल्स। FIFA World Cup 2022 की दोनों फाइनलिस्ट टीमें मिल चुकीं हैं। अब रविवार को अर्जेंटीना और डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस के बीच खिताबी जंग होगी। देर रात खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में हारकर बाहर होने वाली मोरक्को टीम के फैंस अपना आपा खो बैठे हैं। फ्रांस से 0-2 से हारने के बाद ब्रूसेल्स में मोरक्कन फैंस पुलिस से भिड़ गए। मोरक्को के झंडे में लिपटे सैकड़ों प्रशंसकों ने ब्रूसेल्स साउथ स्टेशन के पास दंगा गियर पहने पुलिस पर पटाखे और अन्य सामान फेंके। प्रशंसकों ने कचरे के थैलों और गत्ते के बक्सों को आग के हवाले कर दिया और पुलिस ने पानी की तोप और आंसू गैस के गोले छोड़े। इन दंगा फसाद में एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत की भी सूचना है।

एक्शन में पुलिस, कई प्रशंसकों को हिरासत में लिया गया

इंटरनेशनल समाचार एजेंसियों के मुताबिक पुलिस ने कई प्रशंसकों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हालात काबू में कर लिया गया है। FIFA World Cup 2022 के सेमीफाइनल मैच में हारने के बाद मोरक्कन फैंस का उत्पात फ्रांस की राजधानी में भी देखने को मिला। यहां अपनी टीम की जीत के बाद जश्न मनाने उतरे फ्रांसीसी फैंस से मोरक्को प्रशंसक भिड़ गए। फ्रांस में बड़ी संख्या में मोरक्को के प्रवासी रहते हैं।

FIFA WC 2022: फ्रांस ने मोरक्को को हराया, फाइनल में अर्जेंटीना से भिड़ंत

वाटर कैनन का इस्तेमाल, आंसू गैस के गोले छोड़े

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। आंसू गैस छोड़े गए। FIFA World Cup 2022 के सेमीफाइनल मैच के तुरंत बाद फ्रांस के कई शहरों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इस बवाल के बाद फ्रांस के गृह मंत्री को बयान जारी करना पड़ा। उन्होंने कहा, फ्रांसीसी फैंस की तरह मोरक्को के चाहने वाले भी हमारे ही लोग हैं। जीत की खुशी और हार का गम मनाने को हर कोई स्वतंत्र है, लेकिन मेरी अपील है कि कानून हाथ में न लिया जाए।

जीतने के बाद भी मोरक्को फैंस ने किया था बवाल

मोरक्को अफ्रीकी देशों की पहली टीम बनी थी, जिसने फीफा विश्व कप में सेमीफाइनल तक सफर तय किया था। इससे पहले 10 दिसंबर को पुर्तगाल को टूर्नामेंट से बाहर करने के बाद भी पेरिस में जमकर बवाल किया गया था। हालांकि मैच के बाद, मोरक्को के कोच रेगरागुई ने कहा कि उनकी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल की हार FIFA World Cup 2022 के अभियान के दौरान अपनी वीरता को कम नहीं कर सकती।

Share this…

Leave a ReplyCancel reply