WPL 2023: बैट का स्पॉन्सर नहीं मिला तो धोनी का नाम लिखकर मचा दिया धमाल

840
Advertisement

मुंबई। WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2023) का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। पहली बार आयोजित की जा रही इस लीग में दुनियाभर की महिला क्रिकेटर्स धूम मचा रही हैं। लीग में कुछ रोचक वाकये भी घटित हो रहे हैं। ऐसा ही एक वाकया रविवार को खेले गए यूपी वॉरियर्स बनाम गुजरात जाएंट्स मैच में भी देखने को मिला। जहां एक महिला खिलाड़ी को जब उनके बैट का कोई स्पॉन्सर नहीं मिला तो उसने अपने क्रिकेट आइडल का नाम बैट पर लिख डाला और धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई।

जी हां, हम बात कर रहे हैं। यूपी की खिलाड़ी किरण नवगिरे की। जिन्होंने गुजरात के खिलाफ 43 गेंदों में 53 रनों की पारी खेलते हुए टीम की जीत की नींव रखी। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। किरण ने सिर्फ अपनी बैटिंग से नहीं बल्कि अपने बल्ले से भी फैंस का ध्यान खींचा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किरण को बैट का कोई स्पॉन्सर नहीं मिला तो वह अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी का शॉर्ट फॉर्म में नाम एमएसडी (MSD) और उनका जर्सी नंबर 07 लिखकर मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं। किरण एक बेहद गरीब परिवार से आती हैं। हालांकि, क्रिकेट में उनके नाम कई बड़े-बड़े रिकॉर्ड हैं। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि एथलेटिक्स की दुनिया में भी किरण नाम कमा चुकी हैं।

माता-पिता ने मोबाइल पर देखा किरण का मैच

27 वर्षीय किरण का जन्म तो महाराष्ट्र के सोलापुर में हुआ लेकिन वह घरेलू क्रिकेट नगालैंड से खेलती हैं। किरण के पिता किसान और मां हाउस वाइफ हैं। उनके दो भाई भी हैं। रविवार को जब किरण बल्लेबाजी कर रही थीं, तो इस गौरवान्वित करने वाले पल को उनके माता-पिता मोबाइल पर देख रहे थे। इसकी तस्वीर भी सामने आई है। WPL 2023 से पहले किरण पिछले साल तक भारत में हुए विमेंस टी20 चैलेंज भी खेल चुकी हैं। वह वेलोसिटी की टीम में थीं। उनके नाम इस लीग में एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज है। पिछले साल किरण ने इस टूर्नामेंट में ट्रेलब्लेजर्स के खिलाफ 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था, जो कि इस टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक है। और अब महिला प्रीमियर लीग में भी किरण का बल्ला जमकर बोल रहा है।

टी20 में 150+ रन बना चुकी हैं किरण

WPL 2023 के अलावा किरण के करियर की बात करें तो उन्होंने पिछले साल विमेंस सीनियर टी20 ट्रॉफी में नगालैंड से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ नाबाद 162 रन बनाए थे। यह इस टूर्नामेंट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर भी है। किरण टी20 मैच में 150+ रन बनाने वालीं पहली भारतीय क्रिकेटर (महिला या पुरुष) हैं। किरण क्रिकेट में आने से पहले एथलेटिक्स में थीं। उन्होंने एथलेटिक्स में यूनिवर्सिटी स्तर पर 100 से ज्यादा मेडल जीते हैं। साल 2011-12 में किरण ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता था।

WPL 2023: आज भिड़ेंगी हरमनप्रीत और स्मृति मंधाना, ये हो सकती है प्लेइंग इलेवन

किरण के आदर्श हैं धोनी

किरण WPL 2023 में यूपी से खेल रही हैं। वो हमेशा कहती हैं कि धोनी की वजह से उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और वही उनके आदर्श हैं। 2011 वनडे विश्व कप में भारत की जीत के बाद किरण ने धोनी को फॉलो करना शुरू किया था। किरण बताती हैं कि उन्हें महिला क्रिकेट के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने पुरुषों को ही सिर्फ क्रिकेट खेलते देखा था। इसके बाद किरण ने गांव के लड़कों के साथ ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। इस तरह धीरे-धीरे किरण का क्रिकेट के प्रति लगाव बढ़ा और अब वह सुपरस्टार बन चुकी हैं। बल्ले पर भी किरण ने अपने आदर्श धोनी का नाम ही लिखा।

Share this…

Leave a ReplyCancel reply