Hockey WC 2023: मेजबान भारत हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, न्यूजीलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में हराया

666
Advertisement

भुवनेश्वर। Hockey WC 2023 के सबसे रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने सडन डैथ में भारत को 5-4 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। जबकि इस हार के साथ ही भारतीय हॉकी टीम का हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई है। निर्धारित समय तक मैच 3-3 से बराबरी पर था। इसके बाद पेनल्टी स्ट्रोक में भी दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। अब मैच सडन डैथ में गया जहां बाजी न्यूजीलैंड के हाथ लगी।

48 मिनट तक Hockey WC 2023 के इस मैच में भारत 3-2 से आगे था लेकिन 49वें मिनट पर सीन फिंडले ने पेनल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड शाट मारकर मैच को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद भी न्यूजीलैंड ने भारत पर जबर्दस्त दबाव बनाए रखा। मैच समाप्त होने से महज 6 मिनट पहले न्यूजीलैंड के खिलाड़ी को यलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद न्यूजीलैंड महज 10 खिलाड़ियों से खेली लेकिन इसके बाद भी भारत गोल नहीं कर पाया और निर्धारित समय में मैच 3-3 से बराबरी पर रहा।

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने दागे गोल, स्कोर 3-2

Hockey WC 2023 के IND vs NZ मैच के तीसरे क्वार्टर में भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों ने एक-एक गोल दागा। मैच के 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर वरुण कुमार ने बेहतरीन गोल किया और मैच में भारत को 3-1 से आगे कर दिया। इस क्वार्टर में टीम इंडिया को 3 पेनल्टी कॉर्नर मिले। शुरुआती दो पेनाल्टी कॉर्नर पर तो गोल नहीं आ पाया, लेकिन तीसरे पर वरुण ने स्कोर कर दिया। हालांकि न्यूजीलैंड ने तीन मिनट बाद ही इस अंतर को कम कर दिया। उसके लिए केन रसेल ने 43वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया।

हाफटाइम तक स्कोर 2-1 से भारत के पक्ष में

Hockey WC 2023 के क्रॉसओवर मैच में भारत ने पहले हाफ का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड पर 2-1 की बढ़त बना ली थी। भारत के लिए ललित उपाध्याय ने पहला और सुखजीत सिंह ने दूसरा गोल किया। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल सैम लेन ने किया। मैच के 17वें मिनट में भारत को 1-0 से बढ़त मिली। आकाशदीप और शमशेर ने मिलकर न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को छकाया। शमशेर के पास पर ललित ने बेहतरीन स्ट्राइक किया और गेंद को सीधे गोलपोस्ट में डाल दिया। टीम इंडिया मैच में 1-0 से आगे हो गई।

24वें मिनट में भारत को एक और मौका मिला। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार स्ट्रोक लगाया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ने उसे रोक दिया। गोलपोस्ट के करीब खड़े सुखजीत सिंह ने मौके का फायदा उठाया और कोई गलती किए बगैर गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। भारत इस तरह 2-0 से आगे हो गया। हालांकि, भारत की यह बढ़त चार मिनट बाद ही कम हो गई। न्यूजीलैंड के सैम लेन ने पहला गोल किया। इस तरह हॉफ टाइम तक स्कोर 2-1 से भारत के पक्ष में रहा।

Hockey WC 2023: भारत की बढ़ी मुसीबत, हार्दिक पूरे विश्वकप से बाहर

Hockey WC 2023: पहले क्वार्टर के बाद स्कोर 0-0

भुवनेश्वर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रॉसओवर में पहले क्वार्टर का खेल समाप्त हो चुका है। दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया को गोल करने का एक मौका 12वें मिनट में मिला था, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह पेनाल्टी शूटआउट पर गोल नहीं कर सके। मैच के सातवें मिनट में न्यूजीलैंड के कप्तान निक वुड्स और नौवें मिनट में भारत के अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। दोनों खिलाड़ी दो-दो मिनट के लिए मैच से बाहर रहे।

Hockey WC 2023: स्पेन क्वार्टर फाइनल में 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले से पहले क्रॉसओवर में मलयेशिया और स्पेन की टीमें आमने-सामने हुईं। निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी के बाद यह मैच पेनाल्टी शूटआउट में पहुंच गया। वहां भी दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद सडेन डेथ शुरू हुआ। इसमें एक भी मौका चूकने वाली टीम सीधे बाहर हो जाती है। स्पेन ने पहले मौके को गोल में तब्दील कर दिया, लेकिन मलयेशिया के खिलाफ ऐसा नहीं कर सके। स्पेन ने इस तरह पेनाल्टी शूटआउट में मलयेशिया को 4-3 से हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला 24 जनवरी को मजबूत ऑस्ट्रेलिया से होगा।

Share this…

Leave a ReplyCancel reply