FIFA World Cup: सेनेगल को हरा क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड, अब फ्रांस से मुकाबला

0
2196
FIFA World Cup ENG vs SEN 3-0 england beat Senegal, Will Face France In Quarter Finals

दोहा। FIFA World Cup: इंग्लैंड FIFA World Cup के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। उसने रविवार देर रात (चार दिसंबर) को खेले गए चौथे प्री-क्वार्टर फाइनल में अफ्रीकी चैंपियन सेनेगल को 3-0 से शिकस्त दी। इंग्लैंड के लिए मैच में कप्तान हैरी केन, उपकप्तान जॉर्डन हेंडरसन और युवा स्टार बुकायो साका ने एक-एक गोल दागे। अब क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस से होगा। फ्रांस ने तीसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में पोलैंड को 3-1 से हराया था।

इंग्लैंड की टीम FIFA World Cup इतिहास में 10वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। पिछली बार रूस में हुए विश्व कप में वह चौथे स्थान पर रहा था। इंग्लैंड इससे पहले 1954, 1962, 1966, 1970, 1986, 1990, 2002, 2006 और 2018 में क्वार्टर फाइनल में पहुंचा था।

France vs Poland: एम्बापे ने दिलाया फ्रांस को क्वार्टर फाइनल का टिकट, 2 गोल दागे, पोलैंड बाहर

हेंडरसन ने किया इंग्लैंड के लिए पहला गोल

इंग्लैंड के लिए पहला गोल अनुभवी जॉर्डन हेंडरसन ने किया। उन्होंने जूड बेलिंघम के पास पर 38वें मिनट में गोलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। उनके बाद हाफटाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन ने टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। केन ने फिल फोडेन के पास पर इंजरी टाइम (45+3वें मिनट) में गोल किया। केन का इस विश्व कप में यह पहला गोल है। विश्व कप इतिहास में हैरी केन इंग्लैंड के लिए कुल 7 गोल दाग चुके हैं।

हाफटाइम के बाद साका ने किया गोल

हाफटाइम तक इंग्लैंड 2-0 से आगे थी। इंग्लैंड की टीम 2002 के बाद पहली बार FIFA World Cup के नॉकआउट मैच में हाफटाइम तक 2-0 से आगे रही। तब उसने डेनमार्क के खिलाफ 2-0 की लीड ली थी। तब वह 3-0 से जीता था। सेनेगल के खिलाफ हाफटाइम के बाद इंग्लैंड ने अटैक जारी रखा। इसका फायदा उसे 57वें मिनट में मिला। इंग्लैंड के लिए मैच में तीसरा गोल बुकायो साका ने किया। इस विश्व कप में साका का यह तीसरा गोल है। इंग्लिश टीम अभी तक फीफा वर्ल्ड कप 2022 में 12 गोल कर चुकी है। इस तरह उसने 2018 के अपने सर्वाधिक गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

सादियो माने की अनुपस्थिति पड़ी भारी

सेनेगल की टीम इसी साल अफ्रीकन कप जीती थी। वह FIFA World Cup में एक मजबूत टीम के रूप में आई थी, लेकिन स्टार स्ट्राइकर सादियो माने के बाहर होने के बाद उसे बड़ा झटका लगा। उनके चोटिल होने के बावजूद सेनेगल की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और प्री-क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले हाफ में उसने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन दो गोल हो जाने के बाद टीम का मनोबल टूट गया। बड़े मैच में टीम को अनुभवी सादियो माने की कमी खली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here