FIFA WC 2022: मोरक्को-क्रोएशिया प्री क्वार्टर फाइनल में, वर्ल्ड नंबर 2 बेल्जियम और कनाडा की घर वापसी

0
483
FIFA WC 2022 Croatia vs Belgium, Canada vs Morocco match results latest updates

दोहा। FIFA WC 2022: मोरक्को ने FIFA WC 2022 में इतिहास रच दिया है। ग्रुप एफ के अपने आखिरी मुकाबले में मोरक्को ने कनाडा को 2-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मोरक्को ने 7 अंकों के साथ ना सिर्फ ग्रुप एफ को टॉप किया बल्कि फीफा वर्ल्ड कप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं वर्ल्ड नंबर 2 बेल्जियम की फीफा वर्ल्ड कप 2022 से विदाई हो गई है। ग्रुप एफ के अहम मुकाबले में बेल्जियम और क्रोएशिया के बीच खेला गया मुकाबला 0-0 से ड्रॉ हो गया। इस ड्रॉ के साथ ही पिछले वर्ल्ड कप की रनर अप क्रोएशिया ने ग्रुप में दूसरा स्थान हांसिल करते हुए प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

क्रोएशिया के खिलाफ मैच में बेल्जियम के खिलाड़ियों ने मैच के आखिरी मिनिटों में हमलों की झड़ी लगा दी। लेकिन टीम को गोल नहीं कर सकी। 60वें मिनट में बेल्जियम को मौका मिला लेकिन गोल नहीं हो पाया। करास्को के शॉट को क्रोएशिया के गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन गेंद उनके पैर से लगकर सामने की ओर चली गई। सामने खड़े रोमेलू लुकाकू के पास खाली गोलपोस्ट था। उन्होंने शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोलपोस्ट से टकराकर वापस आ गई। इसके बाद भी लुकाकू 4 बार गोल करने के करीब पहुंचे लेकिन अहम मौके चूक गए। यही कारण रहा कि बेल्जियम की FIFA WC 2022 से घर वापसी हो गई।

Croatia vs Belgium: हाफटाइम तक स्कोर 0-0

FIFA WC 2022 के ग्रुप एफ के बेल्जियम और क्रोएशिया के बीच पहले हाफ का खेल 0-0 के स्कोर पर ही समाप्त हुआ। दोनों टीमें मैच के शुरूआती 45 मिनिटों में एक भी शॉट टारगेट पर नहीं लगा पाई है। क्रोएशिया ने गोल के लिए छह और बेल्जियम ने पांच प्रयास किए, लेकिन दोनों टीमें गोलपोस्ट से दूर रहीं। दोनों ही टीमें एक भी ऐसा मूव नहीं बना पाईं, जिस पर गोल की संभावना बनती।

पहले हाफ में गजब ड्रामा, क्रोएशिया की पेनल्टी वीएआर में खारिज

क्रोएशिया ने Croatia vs Belgium मैच के पहले हॉफ की शुरूआत ही आक्रामक अंदाज में की। पहले मिनट में ही क्रोएशियाई खिलाड़ियों ने बेल्जियम के हाफ पर जोरदार हमला किया, हालांकि शॉट गोलपोस्ट के नजदीक से निकल गया। इसके बाद बेल्जियम ने भी पलटवार की कोशिश की लेकिन क्रोएशिया के डिफेंडर्स ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। हालांकि मैच के 15वें मिनट में ही क्रोएशिया को रैफरी ने पेनल्टी दे दी।

दरअसल, बेल्जियम के करास्को ने क्रोएशियाई स्ट्राइकर क्रेमेरिज को पेनल्टी बॉक्स में गिरा दिया। रेफरी ने क्रोएशियाई टीम को पेनल्टी दे दी। हालांकि वीडियो रैफरल के बाद क्रोएशिया के खिलाड़ी के ऑफ साइड होने के कारण यह पेनल्टी खारिज कर दी गई।

FIFA WC 2022: Croatia – Belgium की शुरुआती इलेवन

क्रोएशिया: डोमिनिक लिवाकोविच (गोलकीपर), जोसिप जुरानोविक, देजन लोरेन, जोस्को ग्वार्दिओल, बोर्ना सोसा, मातेओ कोवासिक, लुका मोड्रिच (कप्तान), मार्सेलो ब्रोजोविक,इवान पेरिसिच, लेडी क्रेमेरिच, मार्को लिवाजा

बेल्जियम: थिबाउट कोर्त्वा (गोलकीपर), थॉमस मेयुनियर, टोबी एल्डरविएरल्ड, जॉन वर्टोंघन, टिमोथी कास्टाग्ने, एक्सल विटसेल, लिएंडर डेंडोन्कर, केविन डी ब्रुइन (कप्तान), यानिक कैरास्को, लिएंड्रो ट्रॉसार्ड, ड्रीस मर्टेंस।

FIFA World Cup 2022: जर्मनी हो सकती है वर्ल्ड कप से बाहर, आज 4 मैचों के उलझे समीकरण

Canada vs Morocco: पहले हाफ में ही मोरक्को को 2-1 से बढ़त, आत्मघाती गोल भी किया

FIFA WC 2022 के ग्रुप एफ के Canada vs Morocco मैच की शुरूआत ही खासी हंगामाखेज रही। मैच के चौथे मिनट में ही हाकिम जिएच ने गोल कर मोरक्को को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरूआती मिनिटों में ही गोल खाने के बाद कनाडा की टीम दबाव में आ गई। इसके बाद मोरक्को ने कई लगातार हमले मोरक्को के पोस्ट पर किए लेकिन गोल नहीं हो पाया। 23वें मिनट में मोरक्को को फिर एक मौका मिला और एन नेसरी ने शानदार गोलकर टीम की बढ़त को 2-0 पहुंचा दिया।

दो गोल से बढ़त लेने के बाद भी मोरक्को ने कनाडा के पोस्ट पर कई मूव बनाए लेकिन गोल नहीं किया जा सका। इसी बीच Canada vs Morocco मैच के पहले हाफ के 40वें मिनट में कनाडा ने मोरक्को के पोस्ट पर हमला किया। इस दौरान मोरक्को के नाएफ अगुएर्ड ने गेंद को रोकने के प्रयास में उसे अपने ही गोलपोस्ट में डाल दिया। इस आत्मघाती गोल के चलते पहले हाफ में मोरक्को बनाम कनाडा मैच का स्कोर 2-1 रहा।

दूसरे हाफ में नहीं हुआ गोल

कनाडा और मोरक्को मैच में दूसरे हाफ में दोनों टीमें गोल की कोशिश करती रहीं। आत्मघाती गोल के जरिए अपना खाता खुलवाने वाली कनाडा की टीम ने भी दूसरे हाफ में कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन मोरक्को की मजबूत डिफेंस ने उन्हें विफल कर दिया। दूसरे हाफ में भी ज्यादातर समय बॉल पजेशन मोरक्को के पास ही रहा। इस दौरान मोरक्को ने कई अच्छे मूव भी बनाए लेकिन गोल नहीं हो सका। आखिरकार मैच 2-1 के स्कोर पर ही समाप्त हुा। इस जीत के साथ ही मोरक्को ने ग्रुप एफ को टॉप किया और FIFA WC 2022 के प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली।

FIFA WC 2022 के ग्रुप: Canada – Morocco की स्टार्टिंग इलेवन

कनाडा: मिलन बोर्जन (गोलकीपर), एलिस्टेयर जॉनसन, सैमुअल एडेकुग्बे, कमल मिलर, स्टीवन विटोरिया, जूनियर होइलेट, तजोन बुकानन, मार्क-एंथोनी काये, काइल लारिन, अल्फोंसो डेविस, जोनाथन ओसोरियो।

मोरक्को: यासीन बूनौ (गोलकीपर), अचरफ हकीमी, नूस्सैर मजरौई, सोफियान अमरबात, नायेफ अगुएर्ड, रोमेन सैस (कप्तान), हाकिम जिएच, औनाही, अब्देलहामिद साबिरी, सौफियान बाउफल, यूसुफ एन-नेसरी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here