Rajat Patidar को सौंपी RCB की कमान, विराट ने दी बधाई, कहा- आप इसके हकदार

0
117
Rajat Patidar
Advertisement

बेंगलुरु। Rajat Patidar (रजत पाटीदार) रॉयल चौलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नए कप्तान होंगे। फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात का औपचारिक ऐलान किया। इससे पहले विराट कोहली को कप्तान बनाए जाने की अटकलें थी, हालांकि ऐसा नहीं हुआ। इसके उलट कहा जा रहा है कि कोहली की ही सिफारिश के आधार पर टीम प्रबंधन ने पाटीदार को टीम की कमान सौंप दी। पिछले कई दिनों से फैंस को उस नाम का इंतजार था, जो आगामी आईपीएल 2025 में आरसीबी की कमान संभालेगा। और अब ये इंतजार खत्म हो गया है।

फ्रेंचाइजी ने कोहली का एक वीडियो शेयर किया, इसमें उन्होंने Rajat Patidar को कप्तान बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, ’मैं और टीम के अन्य सदस्य आपके साथ हैं, रजत। जिस तरह से आपने इस फ्रेंचाइजी में प्रगति की है और जिस तरह से आपने प्रदर्शन किया है, आपने सभी आरसीबी प्रशंसकों के दिलों में जगह बनाई है। आप इसके हकदार हैं।’

डुप्लेसिस की जगह लेंगे Rajat Patidar

31 साल के पाटीदार फाफ डु प्लेसिस की जगह लेंगे। डु प्लेसिस ने 2022 से 2024 के सीजन में आरसीबी की कप्तानी की थी, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2025 के लिए रिटेन नहीं किया था। रजत 2021 से टीम के साथ हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें मेगा ऑक्शन-2024 से पहले रिटेन किया था। रजत सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के 2024-25 सीजन में मध्य प्रदेश के कप्तान रहे हैं।

IND vs ENG : वनडे सीरीज में रिकॉर्ड्स की झड़ी, टॉप पर विराट कोहली

क्या कहना है नए कप्तान का

आरसीबी के कप्तान बनने के बाद रजत पाटीदार ने कहा-

’हमारे पास लीडर्स का एक ग्रुप है। उनके अनुभव नए रोल में मेरी मदद करेंगे। मेरे लिए यह क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक (कोहली) से सीखने का शानदार मौका है। उनका अनुभव कप्तान की भूमिका में मेरी मदद करेगा।’

Rajat Patidar ने मध्यप्रदेश के लिए किया शानदार प्रदर्शन

Rajat Patidar ने मप्र को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के फाइनल में पहुंचाया था। मप्र की टीम को फाइनल मुकाबले में मुंबई ने 5 विकेट से हराया था। रजत ने 81 रनों की नाबाद पारी खेली थी, लेकिन अपनी टीम को चैंपियन नहीं बना सके। रजत ने इस सीजन में 9 मैचों में 61.14 की एवरेज से 428 रन बनाए थे। वे अजिंक्य रहाणे के बाद टॉप स्कोरर रहे। रहाणे ने 8 मैचों में 469 रन बनाए।

IND vs ENG : इंग्लैंड का सूपड़ा साफ, भारत ने 142 रन से जीता तीसरा वनडे, शुभमन का जलवा

2021 से RCB का हिस्सा हैं  

मप्र के रहने वाले Rajat Patidar 2021 से आरसीबी की फ्रेंचाइजी के साथ जुडे़ हुए हैं। उन्होंने इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर 2022 में वापसी की थी। रजत पाटीदार 27 आईपीएल मैचों में 158.85 के स्ट्राइक रेट से 799 रन बना चुके हैं। उनके नाम एक शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।