FIFA WC 2022: फ्रांस ने मोरक्को को हराया, फाइनल में अर्जेंटीना से भिड़ंत

0
252
FIFA WC 2022 France vs Morocco Live France beat Morocco, to face Argentina in final

दोहा। FIFA WC 2022: फ्रांस फीफा वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पहुंच गया है। जहां उसका मुकाबला लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से होगा। देर रात खेले गए FIFA WC 2022 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही फ्रांस ने लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बना ली है। फ्रांस विश्व कप इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचा है। वह 1998 और 2018 में चैंपियन बना था। वहीं, 2006 में उसे इटली के खिलाफ हार मिली थी।

सेमीफाइनल में मोरक्को पर जीत के साथ ही फ्रांस ने अफ्रीकी और अरब देशों का सपना तोड़ दिया। मोरक्को विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम थी। वह अब तीसरे स्थान के लिए शनिवार (17 दिसंबर) को होने वाले मुकाबले में क्रोएशिया के खिलाफ खेलेगी। उसके पास जीत के साथ टूर्नामेंट को समाप्त करने का अवसर होगा।

फ्रांस के लिए हर्नांडेज और मुआनी ने किया गोल

फ्रांस की किलियन एम्बाप्पे, एंटोनी ग्रीजमैन और ओलिवर जिरूड की दिग्गज तिकड़ी इस मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी। टीम के लिए दोनों गोल थियो हर्नांडेज और रैंडल कोलो मुआनी ने किए। थियो हर्नांडेज ने मैच के 5वें मिनट में ही फ्रांस को 1-0 से आगे कर दिया था। यह FIFA WC 2022 में पहला मौका था, जबकि किसी खिलाड़ी ने मोरक्को के गोलकीपर यासीन बूनौ को छकाकर गोल किया हो। इसके बाद पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे हाफ में मैच के 79वें मिनट में रैंडल कोलो मुआनी ने एक और गोल दागकर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। वह सब्सीट्यूट के तौर पर उतरे थे। उन्होंने उतरने के 44 सेकंड बाद ही गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।

FIFA World Cup 2022: मेसी ने कहा अलविदा, विश्व कप फाइनल होगा आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच

2002 के बाद पहली बार टीम खेलेगी लगातार दूसरा फाइनल

इस जीत के साथ ही फ्रांस ने लगातार दूसरे फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में खेलने का रिकॉर्ड बनाया है। फ्रांस 2018 फीफा वर्ल्ड कप का विजेता है। इससे पहले आखिरी बार 2002 में ब्राजील ने इस कारनामे को अंजाम दिया था। उससे समय ब्राजील ने लगातार तीसरी बार (1994, 1998, 2002) वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई थी। इसमें से 1994 और 2002 में ब्राजील विजेता बना था। फ्रांस 1990 के बाद लगातार दो बार फाइनल खेलने वाली यूरोप की पहली टीम बनी। जर्मनी ने 1982, 1986 और 1990 में फाइनल खेला था।

दो या उससे ज्यादा बार लगातार फाइनल में पहुंचने वाली टीमें

इटली-    1934, 1938

ब्राजील-   1958, 1962

नीदरलैंड- 1974, 1978

जर्मनी-    1982, 1986, 1990

अर्जेंटीना- 1986, 1990

ब्राजील-   1994, 1998, 2002

फ्रांस-     2018, 2022

FIFA WC 2022 France vs Morocco: दोनों टीमों की शुरुआती इलेवन

मोरक्को: यासीन बूनौ (गोलकीपर), अशरफ हकीमी, जवाद एल यामीक, नायेफ एगुएर्ड, रोमेन सैस (कप्तान), नूस्सैर मजरौई, सोफियान अमरबात, हाकिम जिएच, एजेदीन औनाही, सौफियाने बौफाल, यूसुफ एन-नेसरी।

फ्रांस: हूगो लॉरिस (गोलकीपर), जूल्स कौंडे, राफेल वरान, इब्राहिमा कोनाटे, थियो हर्नांडेज, एंटोनी ग्रीजमैन, ऑरेलियन टचौमेनी, यूसुफ फोफाना, ओस्मान डेम्बेले, ओलिवर जिरूड, किलियन एम्बाप्पे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here