England vs France: पेनल्टी चूके हैरी केन, इंग्लैंड बाहर, लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में फ्रांस

0
6258
FIFA World Cup 2022 Live England vs France Harry Kane missed penalty, England out, France in semi-finals
Image Credit: Twiter/@FIFAWorldCup

दोहा। England vs France: फ्रांस ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर FIFA World Cup 2022 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इस जीत के साथ फ्रांस की टीम लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। सेमीफाइनल में फ्रांस का मुकाबला मोरक्को से होगा। जिसने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पुर्तगाल को 1-0 से हराकर धमाका कर दिया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और क्रोएशिया की टीमें आमने-सामने होंगी।

फ्रांस अब इतिहास रचने से बस दो कदम दूर है। फ्रांस की टीम अगर टाइटल डिफेंड करने में कामयाब रहती है तो पिछले 60 साल में लगातार दो वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। पिछली बार ऐसा ब्राजील ने किया था। उसने 1958 और 1962 में लगातार दो वर्ल्ड कप जीते थे। इसके बाद से कोई टीम लगातार दो वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है।

चुआमेनी ने दिलाई फ्रांस को बढ़त, हैरी केन ने करवाई इंग्लैंड की वापसी

दोनों टीमों ने England vs France मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। फ्रांस को मैच के 17वें मिनट में मौका मिला और ओरेलियेन चुआमेनी ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक स्कोर यही रहा। दूसरे हाफ में मैच के 54वें मिनट में फ्रांस के चुआमेनी ने बॉक्स के अंदर इंग्लैंड के बुकायो साका पर फाउल किया। इस पर रेफरी ने इंग्लैंड को पेनल्टी दे दी। कप्तान हैरी केन ने इस पर गोल दागकर मैच का स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस गोल के साथ ही हैरी केन इंग्लैंड के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने वेन रूनी के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह हैरी केन का इंग्लैंड के लिए 53वां गोल रहा।

जिरूड का शानदार गोल, हैरी केन दूसरी पेनल्टी चूके

78वें मिनट में फ्रांस के ओलिवर जिरूड ने ग्रीजमैन के शानदार पास पर हेडर से गोल दाग एक बार फिर England vs France मैच में अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके साथ ही जिरूड 36 से ज्यादा उम्र के होने के बाद एक वर्ल्ड कप एडिशन में कम से कम चार गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले रोजर मिल्ला ने 1990 में कैमरून के लिए ऐसा किया था। तब उनकी उम्र 38 थी।

Portugal Vs Morocco: मोरक्को पहली बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में, पुर्तगाल को किया बाहर

फ्रांस अब मैच में 2-1 से आगे था। मैच को बराबरी पर लाने के लिए इंग्लैंड ने पूरा जोर लगा दिया और फ्रांस के गोल पोस्ट पर जबर्दस्त हमले शुरू कर दिए। मैच के 81वें मिनट में फ्रांस के हर्नांडीस ने इंग्लैंड के मेसन माउंट पर फाउल किया। इससे इंग्लैंड को मैच की दूसरी पेनल्टी मिली। हैरी केन फिर से पेनल्टी लेने आए, लेकिन इस बार चूक गए और गेंद गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। इस तरह इंग्लैंड मैच में वापसी करने से चूक गया। फ्रांस ने बाकी समय में इंग्लैंड को कोई मौका नहीं दिया और अंत में 2-1 के स्कोर पर ही England vs France मैच समाप्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here