Tokyo Olympics: खेल गांव में शान से लहराया तिरंगा, अब टूर्नामेंट शुरू होने का इंतजार

1680
Advertisement

टोक्यो। Tokyo Olympics का शुभारंभ होने जा रहा है। 228 सदस्यीय भारतीय दल खेलों के लिए टोक्यो पहुंच चुका है। गुरूवार को भारतीय तिरंगा भी खेल गांव में लहराने लगा है। भारतीय ओलंपिक संघ का कार्यालय यहां खुल चुका है और भारतीय दल का ठिकाना तैयार हो चुका है। अब इंतजार है तो खेलों के शुरू होने का।

भारतीय दल खेल गांव के 15वें टॉवर में रहेगा। जहां 11वीं, 12वीं और 13वीं मंजिल स्थित 182 कमरों में खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ को ठहराया गया है। इनकी चाबियां चीफ डि मिशन बीपी बैश्या को सौंप दी गईं। डिप्टी चीफ डि मिशन डॉ. प्रेम वर्मा ने बताया कि प्रत्येक कमरे में दो लोगों को ठहराया गया है। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों को तीन दिन के लिए क्वारैंटाइन रहना होगा।

ICC T20 World Cup: कल ओमान और दुबई जाएंगे BCCI के अधिकारी, तैयारियों का लेंगे जायजा

स्पर्धा खत्म होने के तीन बाद तक रह सकेंगे खेल गांव में 

भारत का 228 सदस्यीय दल टोक्यो आ रहा है, लेकिन ये सभी एक साथ नहीं होंगे। खिलाड़ियों की स्पर्धा खत्म होने के तीन दिन बाद ही उन्हें गेम्स विलेज छोड़ना है। ऐसे में खिलाड़ी आते-जाते रहेंगे। खेल गांव के कमरों में कार्डबोर्ड के पलंग बिछाए गए हैं। लेकिन कोरोना के डर के कारण नहाने और टॉयलेट के दौरान प्रयोग में लाई जाने वाली वस्तुएं नहीं उपलब्ध कराई गई हैं। ये सारा सामान खिलाड़ियों को खुद लाना होगा। सिर्फ टॉवल उपलब्ध कराई गई है।

Tokyo Olympics शुरू होने में एक सप्ताह शेष, एक एथलीट निकला कोरोना संक्रमित

उद्घाटन समारोह में होंगे सीमित अतिथि  

कोरोना के कारण Tokyo Olympics के उद्घाटन समारोह (23 जुलाई) के दौरान स्टेडियम में सीमिति संख्या में अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। अनुमान के मुताबिक एक हजार से भी कम अति विशिष्ट अतिथियों और विदेशी प्रतिनिधियों के मौजूद रहने की संभावना है। इससे पहले दस हजार लोगों को प्रवेश देने का फैसला किया गया था, लेकिन यहां कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण इस संख्या में भारी कटौती की गई है। हालांकि यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि जापान के राजा नारुहितो समारोह में हिस्सा लेकर खेलों की शुरुआत की घोषणा करें। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन की पत्नी और देश की प्रथम महिला जिल बाइडेन के समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के बीच मौजूद रहने की संभावना है।

Aaron Finch ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड

सॉफ्टबॉल की 13 साल बाद वापसी 

सॉफ्टबॉल की 13 साल बाद ओलंपिक में वापसी होने जा रही है। आखिरी बार बीजिंग ओलंपिक में सॉफ्टबॉल की स्पर्धा हुई थी। जिसमें जापान ने स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद इस खेल को ओलंपिक से हटा दिया गया था। अब Tokyo Olympics से सॉफ्टबॉल फिर दुनिया की सबसे बड़े खेल आयोजन का हिस्सा होगा। जापान मौजूदा चैंपियन के रूप में अपने गोल्ड मैडल को डिफेंड करेगा। 21 जुलाई से इसकी स्पर्धाएं शुरू हो जाएंगी। हालांकि टोक्यो में वापसी के बाद सॉफ्टबॉल स्पर्धा को 2024 पेरिस खेलों से फिर हटा दिया जाएगा और 2028 लास एंजिलिस खेलों में फिर इसकी वापसी होगी।

विष्णु और नेत्रा की नौकाएं पहुंची 

भारतीय नाविक विष्णु सरवनन और नेत्रा कुमानन को अपनी नौकाएं मिल गईं हैं। 23 जुलाई से शुरू हो रहे Tokyo Olympics की लेजर क्लास स्पर्धा के दौरान दोनों खिलाड़ी इनका उपयोग करेंगे। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने हानेडा हवाईअड्डे पर पहुंची नौकाओं की फोटो भी जारी की है। नेत्रा लेजर रेडियल स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। वह स्पेन में ट्रेनिंग में जुटी थीं। वहीं लेजर स्टैंडर्ड क्लास में हिस्सा लेने वाले विष्णु माल्टा में तैयारियां कर रहे थे। ये दोनों और वरुण ठक्कर व गणपति चेंगप्पा की जोड़ी मंगलवार को यहां पहुंचने वाले देश के पहले खिलाड़ी थे। इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड चार नाविक ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। पहली बार देश तीन स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। नौकायन स्पर्धाएं 25 जुलाई से शुरू होंगी।

Share this…

Leave a Reply