Paris Diamond League 2024 में अविनाश साबले ने तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड

0
271
Avinash Sable breaks national record in Paris Diamond League 2024

नई दिल्ली। Paris Diamond League 2024: भारतीय धावक अविनाश साबले ने पेरिस डायमंड लीग 2024 में अपना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एशियन गेम्स चैंपियन साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में 8ः09.91 के समय के साथ फिनिश लाइन पार की। अब नेशनल रिकॉर्ड एक सेकेंड से भी अधिक समय से बेहतर हो गया। भारत का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड 8ः11.20 समय था, जिसे अविनाश साबले ने दो साल पहले बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मैडल के साथ हांसिल किया था। साबले पेरिस में पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में छठे स्थान पर रहे।

इस इवेंट को इथियोपिया के अब्राहम सिमे ने 8ः02.36 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ के साथ जीता। राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता केन्या के अमोस सेरेम ने भी 8ः02.36 का समय दर्ज किया लेकिन फोटो फिनिश में दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2023 के ब्रॉन्ज मैडलिस्ट अब्राहम किबिवोट 8ः06.70 समय के साथ तीसरे और ट्यूनीशियाई नेशल रिकॉर्ड धारक मोहम्मद अमीन झिनाउई 8ः09.41 के समय के साथ चौथे और न्यूजीलैंड के 1500 मीटर इनडोर वर्ल्ड चैंपियन जियोर्डी बीमिश 8ः09.64 के समय के साथ 5वें स्थान पर रहे।

साबले का साल का तीसरा इवेंट

रविवार को Paris Diamond League 2024 में कुल 17 धावकों ने 3000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ शुरू की थी। यह अविनाश साबले की वर्ष की तीसरी 3000 मीटर स्टीपलचेज प्रतियोगिता भी थी। भारतीय एथलीट ने अपने सीजन की शुरुआत अमेरिका के ऑरलैंडो में पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल में दूसरे स्थान पर रहकर की थी, जहां उन्होंने 8ः21.85 का समय दर्ज किया था। इसके बाद उन्होंने पिछले महीने पंचकुला में 8ः31.75 समय के साथ भारत की इंटर-स्टेट प्रतियोगिता जीती। साबले इसी इवेंट में पेरिस 2024 ओलंपिक खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।

Asia Cup में हरमनप्रीत को कमान, 19 जुलाई को फिर भिड़ेंगे भारत-पाक

किशोर जेना ने किया निराश

वहीं भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी किशोर जेना ने पेरिस डायमंड लीग में फैंस को निराश किया। जेना भी भारत की तरफ से पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। डायमंड लीग में जेना अपने पहले प्रयास में 78.10 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ 10 खिलाड़ियों के बीच आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने दूसरे प्रयास में 78.05 मीटर का थ्रो दर्ज किया, लेकिन अपने अगले दो प्रयास में वैध थ्रो दर्ज नहीं कर सके। उनका पांचवां प्रयास 76.57 मीटर की दूरी पर गिरा। केवल शीर्ष तीन खिलाड़ियों को ही छठा थ्रो करने का मौका मिला।

एशियन गेम्स में जीता था सिल्वर मैडल

किशोर जेना का Paris Diamond League 2024 दूसरा डायमंड लीग इवेंट था। पिछले साल एशियाई खेलों में 87.54 मीटर के साथ अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जेना ने रजत पदक जीता था, वह दोहा में 76.31 मीटर थ्रो के साथ नौवें स्थान पर रहे थे। इस इवेंट में यूरोपीय खेलों के चैंपियन जर्मनी के जूलियन वेबर 85.91 मीटर के प्रयास के साथ पहले स्थान पर रहे। दो बार के विश्व चैंपियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 85.19 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे और उनके बाद टोक्यो 2020 के रजत पदक विजेता चेकिया के जैकब वाडलेज्च 85.04 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कैसे आयोजित होती है डायमंड लीग

डायमंड लीग विश्व एथलेटिक्स द्वारा आयोजित शीर्ष स्तरीय ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं की एक वार्षिक सीरीज है। पेरिस मीट डायमंड लीग 2024 सीरीज का आठवां चरण था। एथलीट प्रत्येक डायमंड लीग चरण में अपने प्रदर्शन के आधार पर अंक अर्जित करते हैं और प्रत्येक इवेंट में शीर्ष एथलीट फाइनल के लिए क्वालिफिकेशन हासिल करते हैं। फ़ाइनल में प्रत्येक इवेंट का विजेता डायमंड लीग ट्रॉफी हासिल करता है। इस साल का फाइनल सितंबर में बेल्जियम के ब्रुसेल्स में होगा।