Sports: हॉकी-क्रिकेट में फिर बादशाहत कायम करना चाहेगा भारत

0
363
Sports India would organise Hockey, Cricket & Shooting World Cup in 2023

नई दिल्ली। Sports: साल 2022 कई मायनों में भारतीय खेल (Sports) जगत के लिए यादगार रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीट्स ने कामयाबी के झंडे गाड़े। हॉकी में भी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि क्रिकेट में यह सीजन भारत के लिए खराब रहा। ऐसे में अब नए साल से भारतीय खेल जगत को काफी उम्मीदें हैं। भारत इस साल हॉकी, क्रिकेट और शूटिंग विश्व कप के साथ विश्व महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। Sports सत्र की शुरुआत जनवरी में हॉकी विश्व कप से होगी, तो वर्ष के अंतिम महीनों में भारत में क्रिकेट का खुमार चढ़ा रहेगा। 12 अक्तूबर से 26 नवंबर तक डेढ़ महीने क्रिकेट का बोलबाला रहेगा।

हॉकी खिलाड़ी 48 और क्रिकेटर 12 वर्ष बाद देश को फिर से विश्व चैंपियन बनाना चाहेंगे। इसके अलावा एशियन गेम्स सहित अन्य महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय खिलाड़ी 2024 ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल करना चाहेंगे।

Athletics: साल 2023 में दिखेगा भारतीय एथलीट्स का जलवा, ये बड़े इवेंट्स होंगे

हॉकी में वर्ल्ड चैंपियन बनने का इंतजार

टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में चार दशक बाद पदक जीतकर हॉकी खिलाड़ियों ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारतीय हॉकी की कला फिर से लौट आई है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) में भी भारत ने रजत पदक जीता था। इस बार भारत की मेजबानी में 13 से 29 जनवरी तक ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला में हॉकी विश्व कप खेला जाएगा। भारत ने हॉकी विश्व कप में अंतिम बार 1975 में स्वर्ण पदक जीता था। स्टार ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में 48 वर्ष से विश्व कप में चले आ रहे पदक के सूखे को भारतीय टीम खत्म करना चाहेगी।

Rishabh Pant इलाज के लिए दिल्ली या मुंबई जाएंगे, BCCI उठाएगा जिम्मेदारी

वनडे विश्व कप और टेस्ट चैंपियनशिप जीतने की तैयारी में टीम इंडिया

भारत में पिछली बार 2011 में क्रिकेट विश्व कप हुआ था, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम विश्व विजेता बनी थी। पिछले वर्ष प्रयोगों के दौर से गुजरती रही रोहित शर्मा की टीम अपनी गलतियों से सीखे लेते हुए 10 वर्ष बाद फिर से कोई आईसीसी की ट्रॉफी उठाने के लिए पूरा जोर लगाएगी।

भारत ने अंतिम बार 2013 में आईसीसी चैंपियनशिप जीती थी। इसके अलावा टीम रोहित लगातार दूसरे विश्व टेस्ट चौंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए फरवरी-मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम को हराना चाहेगी।

निकहत की अगुआई में उतरेंगे बॉक्सिंग चैंपियनशिप में

दिल्ली 15 से 31 मार्च तक महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप की मेजबानी करेगी। मौजूदा विश्व चैंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण विजेता निकहत जरीन अपना खिताब बचाना चाहेंगी। साथ ही टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन, राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण विजेता नीतू घणघस, राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य विजेता और सेना में शामिल होने वाली पहली महिला मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया के अलावा अन्य खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

विश्व एथलेटिक्स में गोल्ड पर दांव लगाएंगे नीरज

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा अपने भाले से लगातार तीसरे वर्ष भारतीयों को सिर ऊंचा करने का अवसर देंगे। 2021 में टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीतने के बाद नीरज ने 2022 में विश्व एथलेटिक्स चौंपियनशिप में रजत और डायमंड लीग फाइनल्स में स्वर्ण पदक जीता था। ऐसा करने वाल नीरज पहले भारतीय बने। नीरज इस वर्ष 19 से 27 अगस्त तक बुडापेस्ट हंगरी में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चौंपियनशिप में अपने पदक के रंग को सुनहरा करना चाहेंगे। वहीं, एशियाई खेलों में वह फिर से स्वर्ण पदक जीतना चाहेंगे।

Christiano Ronaldo इस क्लब से जुड़े, साल के मिलेंगे 1770 करोड़

एशियाई खेलों में पिछला रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश

कोरोना संक्रमण की वजह से एक वर्ष आगे खिसके एशियाई खेल चीन के हांगझोऊ में 23 सितंबर से 8 अगस्त तक होंगे। 2018 जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में भारत ने 16 स्वर्ण, 23 रजत और 31 कांस्य सहित कुल 70 पदक जीते थे। पिछले वर्ष भारतीय खिलाड़ियों ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य कुल 61 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया था। एशियाई खेलों में कुश्ती, एथलेटिक्स, हॉकी, शूटिंग, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, कबड्डी आदि खेलों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

भोपाल में निशाने पर पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 20 मार्च से शूटिंग विश्व कप का आयोजन होगा। यह विश्वकप पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण होगा। इसलिए भारतीय निशानेबाज पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करना चाहेंगे।

Saina Nehwal लेंगी इस चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में भाग, सिंधू को सीधी एंट्री

ये टूर्नामेंट भी रहेंगे नजरों में

– 17 से 22 जनवरी तक दिल्ली में इंडिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट खेला जाएगा। इस बार इंडिया ओपन को सुपर 500 से सुपर 750 श्रेणी में लाया गया है।

– 14 से 29 जनवरी तक दक्षिण अफ्रीका में अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप खेला जाना है।

– 10 से 26 फरवरी तक दक्षिण अफ्रीका में महिला टी-20 विश्व कप होगा। 2020 के उपविजेता भारतीय टीम पहली बार विश्व खिताब जीतने के लिए दम लगाएगी।

– 28 मार्च से 2 अप्रैल तक भारत की मेजबानी में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप होगी।

– 16 से 24 सितंबर तक बेलग्राद सर्बिया में World Wrestling Championship में दाव पर होगा ओलंपिक कोटा।

– 16 जून से 16 जुलाई तक कतर में खेला जाएगा फुटबाल एशिया कप।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here