खेल रत्न मीराबाई के नाम की अर्जुन अवार्ड के लिए सिफारिश

0
1151

भारतीय भारोत्तोलक संघ ने 2 अन्य खिलाड़ियों के साथ भेजा नाम

नई दिल्ली। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ ने खेल रत्न मीराबाई चानू का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा है। महासंघ ने चानू, रागाला वेंकट राहुल और पूनम यादव के नामों की सिफारिश की है। चानू को 2018 में प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड मिला था। उन्हें उसी साल पद्मश्री सम्मान भी दिया गया। ऐसे में खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित खिलाडी के नाम की अर्जुन अवार्ड के लिए सिफारिश को अजीबोगरीब माना जा रहा है।

अमेरिका में 2017 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली चानू का इस बारे में कहना है कि अर्जुन अवॉर्ड के साथ एक सम्मान जुड़ा है और खेल रत्न के बाद भी इसे स्वीकार करने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘मुझे पता है कि खेल रत्न सर्वोच्च पुरस्कार है लेकिन मुझे पहले अर्जुन पुरस्कार नहीं मिला और मुझे वह भी चाहिए। कई बार आपको सब चाहिए होता है। खिलाड़ियों का अर्जुन पुरस्कार से खास लगाव होता है।’उन्होंने कहा, ‘मैने 2018 में भी अर्जुन पुरस्कार और खेल रत्न दोनों के लिए आवेदन भेजे थे।’ भारोत्तोलन महासंघ के महासचिव ने कहा कि खेल रत्न पा चुके खिलाड़ी का भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकन किया जा सकता है।

जूनियर सर्किट पर कई पदक जीत चुके राहुल ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण जीता था। दूसरी ओर पूनम ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में पीला तमगा अपने नाम किया था। भारोत्तोलन में आखिरी बार अर्जुन अवॉर्ड सतीश शिवलिंगम को 2015 में मिला था।

सैखोम मीराबाई चानू भारतीय वेटलिफ्टर हैं इनका जन्म 8 अगस्त 1994 को मणिपुर में हुआ था। कॉमनलवेल्थ गेम्स 2018 में 48 किलो भारवर्ग में भारत को पहला गोल्ड मेडल सैखोम मीराबाई चानू ने ही दिलवाया था। मीराबाई चानू ने अपना पहला मेडल 2014 के कॉमनलवेल्थ खेलों में जीता था इसमें उन्हे 48 किलो भार वर्ग में सिल्वर मेडल मिला था। साल 2016 के रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने बाद भी वो इसमें कोई पदक नहीं जीत सकीं।

सैखोम मीराबाई चानू वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग में कर्णम मल्लेश्वरी के बाद गोल्ड मेडल जीतने वाली दूसरी महिला भारतीय खिलाड़ी हैं। कर्णम मल्लेश्वरी ने साल 1995 में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया था। सैखोम मीराबाई चानू को भारत सरकार पद्मश्री पुरस्कार से नवाज चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here