FIH Pro League : आखिरकार मिली जीत, भारत ने बेल्जियम को 4-3 से हराया, जीत के साथ अभियान समाप्त

1482
Advertisement

नई दिल्ली। FIH Pro League : लंबे अंतराल के बाद ही सही भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने FIH Pro League के यूरोपियन लेग में अपनी पहली जीत दर्ज की। एम्सटेलवीन के वागेनर स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने बेल्जियम को 4-3 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत 16 मैचों में 18 अंकों के साथ तालिका में 7वें पायदान पर पहुंच गया है। भारत का एफआईएच प्रो लीग 2024-25 का अभियान भी समाप्त हो गया है।

भारत के लिए सुखजीत सिंह (21वें, 35वें मिनट में), अमित रोहिदास (36वें मिनट में) और हरमनप्रीत सिंह (59वें मिनट में) ने गोल किए। वहीं, मेजबान बेल्जियम के लिए आर्थर डी स्लोवर (8वें मिनट में), थिब्यू स्टॉकब्रोक (34वें मिनट में) और ह्यूगो लैबुशेरे (41वें मिनट में) ने गोल किए। सुखजीत और दिलप्रीत सिंह ने अपने हॉकी करियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला, जो उनके लिए एक यादगार पल रहा।

IND vs ENG Day 3 Live : बुमराह के पंजे ने दिलाई भारत को बढ़त, इंग्लैंड की पारी 465 रनों पर सिमटी

पहले क्वार्टर में स्कोर 1-1 से बराबर

FIH Pro League के इस मुकाबले में बेल्जियम ने शुरुआत में आक्रामक खेल दिखाया। आर्थर डी स्लोवर ने शानदार गोल करते हुए बेल्जियम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत को 20वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर पर बराबरी का मौका मिला, लेकिन बेल्जियम ने इसे रोक लिया। इसके बाद सुखजीत ने 21वें मिनट में हरमनप्रीत के फ्लिक को गोल में बदला और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी कांटे की टक्कर

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक हॉकी खेलना जारी रखा। इसी बीच भारत के अभिषेक गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन चूक गए। बेल्जियम ने 34वें मिनट में थिब्यू स्टॉकब्रोक के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन सुखजीत ने जल्द ही जवाबी गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद 36वें मिनट में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए भारत को 3-2 से आगे कर दिया।

पेनल्टी स्ट्रोक से मिला विजयी गोल

तीसरे क्वार्टर में बेल्जियम के ह्यूगो लैबुशेरे ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद भारत ने भी गोल किया, लेकिन बेल्जियम के वीडियो रेफरल के बाद इसे रद्द कर दिया गया। अंतिम क्वार्टर में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे हरमनप्रीत ने 59वें मिनट में गोल में बदला और भारत को 4-3 से जीत दिला दी। सुखजीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही FIH Pro League में भारत का अभियान भी समाप्त हो गया।

Share this...