IPL 2025 : रिकॉर्ड बुक का शहंशाह बना Vaibhav Suryavanshi, एक पारी में तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड

130
IPL 2025, RR vs GT, Vaibhav Suryavanshi Century, broke many records, youngest centurion, Latest Sports update
Advertisement

जयपुर। IPL 2025 : राजस्थान रॉयल्स के 14 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में अपने करियर का पहला शतक पूरा किया और कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। इतनी कम उम्र में वैभव ने जो कारनामा किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने मौजूदा आईपीएल सीजन के साथ-साथ टी20 क्रिकेट का भी सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया और फिर उसे शतक में बदल दिया।

आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय

IPL 2025 में Vaibhav Suryavanshi ने महज 14 साल 32 दिन की उम्र में यूसुफ पठान का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। यूसुफ ने 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था, जिसे अब वैभव ने बराबरी करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दिलचस्प बात यह है कि जब यूसुफ ने यह रिकॉर्ड बनाया था, तब वैभव का जन्म भी नहीं हुआ था। अगर ओवरऑल बात करें तो IPL में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।

टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का गौरव भी हासिल किया। 14 साल और 32 दिन की उम्र में शतक बनाकर उन्होंने महाराष्ट्र के विजय जोल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 18 साल 118 दिन में टी20 में शतक लगाया था। वैभव ने पहले 17 गेंदों में अर्धशतक बनाया और फिर 18 और गेंदों में अपना शतक पूरा किया। IPL 2025 में उनकी 38 गेंदों की इस तूफानी पारी में उन्होंने 265.78 के स्ट्राइक रेट से 101 रन बनाए, जिसमें सात चौके और 11 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।

RR vs GT : जयपुर में वैभव सूर्यवंशी की सूनामी, IPL 2025 का सबसे तेज शतक, राजस्थान ने गुजरात को 8 विकेट से रौंदा

IPL 2025 में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने गुजरात के खिलाफ 11 छक्के जड़ते हुए IPL 2025 के किसी भी खिलाड़ी द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस सूची में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा, जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे। तीसरे स्थान पर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं, जिन्होंने गुजरात के खिलाफ नौ छक्के जमाए थे।

यशस्वी जायसवाल के साथ रिकॉर्ड साझेदारी

राजस्थान रॉयल्स को गुजरात टाइटंस ने जीत के लिए 210 रनों का लक्ष्य दिया था। Vaibhav Suryavanshi और यशस्वी जायसवाल ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की। प्रसिद्ध कृष्णा ने वैभव को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। यह राजस्थान रॉयल्स की इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। इस जोड़ी ने 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल द्वारा बनाए गए 155 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा।

Share this…