ढाका/दोहा। FIFA World Cup 2022 जीतने का क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सपना अधूरा रह गया। रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को फीफा विश्व कप 2022 के क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। मैच खत्म होने के बाद रोनाल्डो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए। Cristiano Ronaldo मैदान पर और चेंजिंग रूम जाते समय रोते देखे गए। रोनाल्डो का सपना टूटने से भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी दुख पहुंचा है। Virat Kohli ने 12 दिसंबर की सुबह रोनाल्डो के लिए इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल (भावुक) पोस्ट लिखी। कोहली ने रोनाल्डो के लिए लिखा कि पुर्तगाल का यह स्टार फुटबॉलर उनके लिए सर्वकालिक महान है।
आपका खेल किसी खिताब या ट्रॉफी का मोहताज नहीं: विराट
विराट कोहली ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आपने इस खेल में और दुनिया भर के खेल प्रशंसकों के लिए जो कुछ भी किया है, कोई ट्रॉफी या कोई खिताब उससे कुछ नहीं छीन सकता है। कोई भी खिताब यह नहीं बता सकता कि आपने लोगों पर क्या असर डाला है और जब हम आपको खेलते हुए देखते हैं तो मैं और दुनिया भर के बहुत से लोग क्या महसूस करते हैं।’ FIFA World Cup 2022 में पुर्तगात की हार के बाद लिखी Virat Kohli की पोस्ट चंद मिनटों में ही वायरल हो गई।
FIFA World Cup: अर्जेंटीना से भिड़ेगी क्रोएशिया, फ्रांस से खेलेगी मोरक्को, देखें सेमीफाइनल का शेड्यूल
आप मेरे लिए सर्वकालिक महान हैं
कोहली ने आगे लिखा, ‘भगवान की ओर से आपको दिया गया यह एक उपहार है। एक ऐसे व्यक्ति के लिए एक वास्तविक आशीर्वाद जो हर बार अपने दिल से खेलता है और किसी भी खिलाड़ी के लिए कड़ी मेहनत और समर्पण और सच्ची प्रेरणा का प्रतीक है। आप मेरे लिए सर्वकालिक महान हैं।’ कोहली ने इसके बाद ग्रेट ऑफ ऑल टाइम और क्राउन वाली इमोजी भी पोस्ट की। गौरतलब है कि यह FIFA World Cup 2022 रोनाल्डो का आखिरी विश्व कप था। हालांकि अब Cristiano Ronaldo के संन्यास की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।